Translate

Friday 3 April 2020

अध्याय 14 श्लोक 14 - 6 , BG 14 - 6 Bhagavad Gita As It Is Hindi

 अध्याय 14 श्लोक 6

हे निष्पाप! सतोगुण अन्य गुणों की अपेक्षा अधिक शुद्ध होने के करान प्रकाश प्रदान करने वाला और मनुष्यों को सारे पाप कर्मों से मुक्त करने वाला है | जो लोग इस गुण में स्थित होते हैं, वे सुख तथा ज्ञान के भाव से बँध जाते हैं |


अध्याय 14 : प्रकृति के तीन गुण

श्लोक 14.6



तत्र सत्त्वं निर्मलत्वात्प्रकाशकमनामयम् |
सुखसङ्गेन बध्नाति ज्ञानसङ्गेन चानघ || ६ ||



तत्र - वहाँ; सत्त्वम् - सतोगुण; निर्मलत्वात् - भौतिक जगत् में शुद्धतम होने के कारण; प्रकाशकम् - प्रकाशित करता हुआ; अनामयम् - किसी पापकर्म के बिना; सुख - सुख की; सङ्गेन - संगति के द्वारा; बध्नाति - बाँधता है; ज्ञान - ज्ञान की; सङ्गेन - संगति से; - भी; अनघ - हे पापरहित |




भावार्थ


हे निष्पाप! सतोगुण अन्य गुणों की अपेक्षा अधिक शुद्ध होने के करान प्रकाश प्रदान करने वाला और मनुष्यों को सारे पाप कर्मों से मुक्त करने वाला है | जो लोग इस गुण में स्थित होते हैं, वे सुख तथा ज्ञान के भाव से बँध जाते हैं |
तात्पर्य





प्रकृति द्वारा बद्ध किये गये जीव कई प्रकार के होते हैं | कोई सुखी है और कोई अत्यन्त कर्मठ है, तो दूसरा असहाय है | इस प्रकार मनोभाव ही प्रकृति में जीव की बद्धावस्था के कारणस्वरूप हैं | भगवद्गीता के इस अध्याय में इसका वर्णन हुआ है कि वे किस प्रकार भिन्न-भिन्न प्रकार से बद्ध हैं | सर्वप्रथम सतोगुण पर विचार किया गया है | इस जगत् में सतोगुण विकसित करने का लाभ यह होता है कि मनुष्य अन्य बद्धजीवों की तुलना में अधिक चतुर हो जाता है | सतोगुणी पुरुष को भौतिक कष्ट उतना पीड़ित नहीं करते और उसमें भौतिक ज्ञान की प्रगति करने की सूझ होती है | इसका प्रतिनिधि ब्राह्मण है, जो सतोगुणी माना जाता है | सुख का यह भाव इस विचार के कारण है कि सतोगुण में पापकर्मों से प्रायः मुक्त रहा जाता है | वास्तव में वैदिक साहित्य में यह कहा गया है कि सतोगुण का अर्थ ही है अधिक ज्ञान तथा सुख का अधिकाधिक अनुभव |


सारी कठिनाई यह है कि जब मनुष्य सतोगुण में स्थित होता है, तो उसे ऐसा अनुभव होता है कि वह ज्ञान में आगे है और अन्यों की अपेक्षा श्रेष्ठ है | इस प्रकार वह बद्ध हो जाता है | इसके उदाहरण वैज्ञानिक तथा दार्शनिक हैं | इनमें से प्रत्येक को अपने ज्ञान का गर्व रहता है और चूँकि वे अपने रहन-सहन को सुधार लेते हैं, अतएव उन्हें भौतिक सुख की अनुभूति होती है | बद्ध जीवन में अधिक सुख का यह भाव उन्हें भौतिक प्रकृति के गुणों से बाँध देता है | अतएव वे सतोगुण में रहकर कर्म करने के लिए आकृष्ट होते हैं | और जब तक इस प्रकार कर्म करते रहने का आकर्षण बना रहता है, तब तक उन्हें किसी न किसी प्रकार का शरीर धारण करना होता है | इस प्रकार उनकी मुक्ति की या वैकुण्ठलोक जाने की कोई सम्भावना नहीं रह जाती | वे बारम्बार दार्शनिक, वैज्ञानिक या कवि बनते रहते हैं और बारम्बार जन्म-मृत्यु के उन्हीं दोषों में बँधते रहते हैं | लेकिन माया-मोह के कारण वे सोचते हैं कि इस प्रकार का जीवन आनन्दप्रद है |



<< © सर्वाधिकार सुरक्षित भक्तिवेदांत बुक ट्रस्ट >>




Note : All material used here belongs only and only to BBT .
For Spreading The Message Of Bhagavad Gita As It Is 
By Srila Prabhupada in Hindi ,This is an attempt to make it available online , 
if BBT have any objection it will be removed .

No comments:

Post a Comment

Hare Krishna !!